

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- निकोबार जिला पुलिस ने कल पुख्ता सूचना के आधार पर कमोर्टा में छापा मारकर 209 ग्राम मेथाक्वालोन बरामद किया है और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ननकौरी थाने के थाना प्रभारी उपनिरीक्षक बेनेडिक्ट के नेतृत्व में थाने के पुलिसकर्मियों की टीम ने तेजी से यह बड़ी मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाई की। छापे के दौरान कमोर्ता में एपीडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता कार्यालय के पास तलाशी ली गई, जिसमें आरोपी के कब्जे से 209 ग्राम मेथाक्वालोन बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच के दौरान मामले में कथित संलिप्तता के आधार पर दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई कार निकोबार के उप-मंडलीय पुलिस अधिकारी सोलोमन सैमुअल (दानिप्स) के निर्देशन में की गई। इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 22(बी) के तहत सीएचसी ननकौरी के वार्ड अटेंडेंट और कमोर्टा बाजार निवासी शिवा सुब्रमण्यम, के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जिन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गिरफ्तार किए गए अन्य दो लोगों की संलिप्तता स्वीकार की।
यह अभियान निकोबार जिले के पुलिस अधीक्षक राहुल एल. नायर की कड़ी निगरानी में चलाया गया। पुलिस ने कहा है कि यह सफल जब्ती अवैध मादक पदार्थ गतिविधियों से निपटने और समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति निकोबार जिला पुलिस की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मादक पदार्थ के स्रोत और उससे जुड़े किसी अन्य नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने आम लोगों से एक बार फिर अपील की है कि समुद्र तट पर मिलने वाली कोई भी संदिग्ध वस्तु तुरंत सौंप दें और समुद्र से बरामद कोई भी प्रतिबंधित पदार्थ नजदीकी थाने में जमा कराएं। लोगों से किसी भी अपराध या अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी पुलिस को फोन नंबर 112, 03192-265242/223265 और 9531856152 पर देने का अनुरोध किया गया है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।