

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम – श्री विजय पुरम नगरपालिका परिषद के कर्मचारियों को आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण वेतन भुगतान में हो रही देरी के मामले में उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 56.16 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता राशि को मंजूरी प्रदान की है। यह राशि कर्मचारियों के वेतन मद के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को इस मामले का यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि नगरपालिका कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने का मुद्दा अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के सांसद बिष्णु पद रे तथा नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष वसंथा ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक के दौरान उठाया था। उन्होंने परिषद के समक्ष धनराशि की कमी के कारण कर्मचारियों को वेतन भुगतान में हो रही परेशानी से उपराज्यपाल को अवगत कराया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपराज्यपाल ने वेतन मद के अंतर्गत 56.16 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता राशि स्वीकृत कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा कर्मचारियों के वेतन भुगतान से जुड़े मामले का जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया। इस निर्णय से नगरपालिका परिषद के कर्मचारियों को समय पर वेतन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण राहत मिलने की उम्मीद है।