

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की अंडमान एवं निकोबार राज्य आयोजन समिति के सचिव डी. अयप्पन ने एनएच-4 के अधूरे निर्माण कार्य को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब 10 वर्षों से सड़क के नवीनीकरण तथा कदमतला और 12 टांग में पुलों के निर्माण का कार्य जारी है, लेकिन इसके बावजूद लगभग 30 प्रतिशत सड़क का काम अब भी अधूरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान इस मार्ग पर आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है और छोटे वाहनों का गुजरना भी मुश्किल हो जाता है। इससे स्कूली बच्चों, सरकारी कर्मचारियों, किसानों और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
डी. अयप्पन ने आरोप लगाया कि पहले इस सड़क का निर्माण सीमा सड़क संगठन द्वारा किया गया था और बाद में इसे लोक निर्माण विभाग को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि सड़क के नवीनीकरण और दो पुलों के निर्माण का काम लोक निर्माण विभाग से हटाकर दूसरी एजेंसी को सौंपने की प्रक्रिया के पीछे राजनीतिक हित और भ्रष्टाचार की आशंका है। उनके अनुसार, वर्ष 2016 में इस परियोजना को लेकर काफी प्रचार किया गया था और लोगों को उम्मीद थी कि निर्माण कार्य बेहतर तरीके से पूरा होगा, लेकिन लगभग एक दशक बीतने के बाद भी सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि उत्तर एवं मध्य अंडमान के लोग लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने कई बार मंत्रियों, उपराज्यपाल और केंद्र सरकार के समक्ष इस मुद्दे को उठाया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सरकार से मांग की कि एनएच-4 के शेष 30 प्रतिशत निर्माण कार्य को बिना किसी और देरी के पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को वर्षों से जारी परेशानी से राहत मिल सके।