दो एलपीजी सिलेंडरों की मांग पर महिलाओं ने रोका गैस ट्रक

चार महीने बाद पहुंची गैस, दीपावली से पहले बढ़ी परेशानी
फोटो में दिख रहा है कि रेस्ट कैंप क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडरों की अनियमित आपूर्ति से परेशान महिलाएं पुलिस चौकी रेस्ट कैंप के सामने गैस से लदे ट्रक को रोककर विरोध प्रदर्शन करती हुईं।
फोटो में दिख रहा है कि रेस्ट कैंप क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडरों की अनियमित आपूर्ति से परेशान महिलाएं पुलिस चौकी रेस्ट कैंप के सामने गैस से लदे ट्रक को रोककर विरोध प्रदर्शन करती हुईं।
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम -- रेस्ट कैंप क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडरों की अनियमित आपूर्ति से परेशान महिलाओं ने सोमवार को पुलिस चौकी रेस्ट कैंप के सामने काफी लंबे समय तक गैस से लदे ट्रक को रोककर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं की मांग थी कि प्रत्येक परिवार को एक के बजाय दो एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं। महिलाओं ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, वे ट्रक को आगे नहीं जाने देंगी।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि लगभग चार महीने बाद आज उनके क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडर लेकर ट्रक पहुंचा है। इस बीच अधिकांश परिवारों के घरों में गैस सिलेंडर पूरी तरह खाली हो चुके हैं। आगामी रविवार को दीपावली का त्योहार होने के कारण उनकी परेशानी और बढ़ गई है। महिलाओं के अनुसार दीपावली के दौरान घरों में विभिन्न प्रकार के पकवान और खाद्य सामग्री तैयार की जाती है, जिसके लिए सामान्य दिनों की तुलना में अधिक गैस की आवश्यकता होती है। ऐसे में यदि अभी केवल एक सिलेंडर दिया जाता है तो त्योहार के दौरान ही गैस समाप्त हो सकती है।

इस संबंध में पूर्व प्रमुख नचम्मल ने उत्तर एवं मध्य अंडमान के मुख्यालय में तैनात सहायक आयुक्त से भी बातचीत की। हालांकि, सहायक आयुक्त की ओर से कुछ समस्याओं का हवाला देते हुए लगभग 15 दिनों बाद दोबारा एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने की बात कही गई। लेकिन महिलाओं ने इस आश्वासन पर असंतोष जताया। उनका कहना था कि हर बार तीन से चार महीने के अंतराल पर गैस की आपूर्ति की जाती है और फिर 15 दिनों बाद सिलेंडर देने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन निर्धारित समय पर आपूर्ति नहीं होती।

महिलाओं ने बताया कि गैस समाप्त होने के बाद उन्हें पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में जाकर लकड़ियां इकट्ठा करनी पड़ती हैं और चूल्हा जलाकर परिवार के लिए भोजन तैयार करना पड़ता है। विशेषकर बच्चों के लिए खाना बनाने और स्कूल का टिफिन तैयार करने में उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की। उन्होंने दो टूक कहा कि उन्हें केवल दो एलपीजी सिलेंडर चाहिए और इसके अलावा उनकी कोई दूसरी मांग नहीं है। जब तक दो सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराए जाते, वे गैस ट्रक के सामने से नहीं हटेंगी। महिलाओं का यह विरोध अंडमान एवं निकोबार प्रशासन का ध्यान क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही एलपीजी आपूर्ति की समस्या की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से किया गया।

अंतिम सूचना मिलने तक शाम तक महिलाओं ने सड़क पर अपना अवरोध जारी रखा और एलपीजी सिलेंडर लेकर जा रहे वाहन को आगे नहीं बढ़ने दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News