

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम – श्री विजय पुरम स्थित लोक निवास में मंगलवार को सभी विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न कार्यों की प्रगति का आकलन करने के साथ-साथ पूर्व में जारी निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रगति प्रतिवेदनों पर विचार किया गया तथा संबंधित विभागों को लंबित मामलों के निपटारे में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य सचिव ज्ञानेश भारती, पुलिस महानिदेशक, प्रधान मुख्य वन संरक्षक, सभी विभागों के सचिव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की प्रगति की नियमित रूप से समीक्षा करें तथा जनहित से जुड़े मामलों को बिना किसी अनावश्यक विलंब के निपटाना सुनिश्चित करें।
इसके बाद उपराज्यपाल सचिवालय के सचिव की अध्यक्षता में लोक निवास में एक अन्य बैठक आयोजित की गई। इसमें विशेष सचिव, विशेष कार्याधिकारी तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विभिन्न निर्देशों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में आगामी जनता दर्शन कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कार्यक्रम को सुचारु, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने तथा विभिन्न जिम्मेदारियों का स्पष्ट रूप से निर्धारण करने पर जोर दिया गया, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें और कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आपसी समन्वय बनाए रखें। बैठक में लंबित कार्यों की निगरानी, विभागीय निर्देशों के अनुपालन तथा जनता से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।