डिगलीपुर में 62.29 करोड़ की विकास परियोजनाओं की उपराज्यपाल ने दी सौगात

जनता दर्शन में कई महत्वपूर्ण योजनाओं की रखी आधारशिला
डिगलीपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा की तस्वीर।
डिगलीपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा की तस्वीर।
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम -- अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने मंगलवार, 25 नवंबर को डिगलीपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 62.29 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा की तथा कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के साथ-साथ आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर लगभग 12.59 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। इनमें मॉरिस टिकरे में 11.62 करोड़ रुपये की लागत से पॉलिटेक्निक संस्थान का निर्माण तथा डी.बी. ग्राम में बेली ब्रिज के दोनों ओर कलपोंग जलधारा के दोनों किनारों पर लगभग 97 लाख रुपये की लागत से जालीनुमा सुरक्षा दीवारों का निर्माण शामिल है।

इसके अतिरिक्त लगभग 49.70 करोड़ रुपये की स्वीकृत विकास परियोजनाओं की भी घोषणा की गई। इनमें सड़कों, पुलों और राज्य राजमार्गों के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 27.96 करोड़ रुपये, पंचायती राज संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए 8.60 करोड़ रुपये तथा पेयजल आपूर्ति प्रणालियों को मजबूत बनाने और उनके विस्तार के लिए 7.42 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं, विद्यालय भवनों और शैक्षणिक आधारभूत संरचनाओं के उन्नयन के लिए 4.91 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा बिजली, वन तथा आंगनवाड़ी केंद्रों से संबंधित विभिन्न विकास कार्य भी प्रस्तावित हैं।

अपने द्वीपसमूह दौरे के अंतिम चरण में उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने उत्तर एवं मध्य अंडमान के डिगलीपुर स्थित पंचायत समिति सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के प्रमुखों तथा आम नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव उपराज्यपाल के समक्ष रखे। उपराज्यपाल ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए। इस अवसर पर डिगलीपुर उपमंडल के विकास को गति देने के उद्देश्य से लगभग 62.29 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा और आधारशिला रखे जाने को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News