द्वीपों में कौशल प्रशिक्षण की क्षमता में हुआ सात गुना विस्तार

युवाओं को कुशल बनाकर रोजगार से जोड़ने पर जोर
फोटो में श्री विजय पुरम के डॉलीगंज स्थित सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा।
फोटो में श्री विजय पुरम के डॉलीगंज स्थित सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा।
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम -- द्वीपसमूह के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में शिल्पकार प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत उपलब्ध सीटों की संख्या 200 से बढ़ाकर 1,416 कर दी गई है। वहीं, यहां के लगभग 22 विभिन्न व्यवसायों में युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। डॉलीगंज स्थित सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्थान में उपलब्ध सीटों की तुलना में कहीं अधिक आवेदन प्राप्त होना यहां प्रदान किए जा रहे प्रशिक्षण की गुणवत्ता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की वास्तविक सफलता इसी बात में निहित है कि वहां से प्रशिक्षित युवा रोजगार के अवसरों से जुड़ सकें।

शनिवार को श्री विजय पुरम के डॉलीगंज स्थित सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपराज्यपाल ने शिल्प अनुदेशक प्रशिक्षण योजना तथा शिल्पकार प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं तथा पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने 22 व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के प्रशिक्षुओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने युवाओं को सशक्त बनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में कौशल विकास, तकनीकी दक्षता तथा व्यावसायिक प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के युवाओं को दिए जा रहे संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया।

उपराज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह शिक्षा का अंत नहीं, बल्कि एक नई व्यावसायिक यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से श्रम की गरिमा बनाए रखने के साथ अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में द्वीपसमूह के युवाओं ने क्षेत्रीय स्तर पर 13 तथा राष्ट्रीय स्तर पर चार पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना प्रधानमंत्री द्वारा परिकल्पित वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उपराज्यपाल ने कहा कि आने वाले वर्षों में पर्यटन, आतिथ्य सेवा, परिवहन, निर्माण तथा तकनीकी सेवाओं के क्षेत्रों में रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल प्रौद्योगिकी और नवीकरणीय ऊर्जा के बढ़ते प्रभाव के इस दौर में युवाओं के लिए लगातार अपने कौशल को उन्नत करना आवश्यक है। उन्होंने डिजिटल संपर्क व्यवस्था के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि चेन्नई के अतिरिक्त ओडिशा के पुरी से भी वैकल्पिक समुद्र के नीचे बिछाई जाने वाली संचार केबल के माध्यम से संपर्क स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने आगे कहा कि कार निकोबार, ग्रेट निकोबार, कैंपबेल बे और अन्य क्षेत्रों में विभिन्न विकास परियोजनाओं के माध्यम से रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे। प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है कि कोई भी युवा बेरोजगार न रहे। इस दौरान उन्होंने द्वीपसमूह के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाने के लिए सांसद बिष्णु पद रे के प्रयासों की भी सराहना की।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कुशल और सशक्त युवा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

इस अवसर पर सांसद बिष्णु पद रे, दक्षिण अंडमान की उपायुक्त पूर्वा गर्ग, श्रम, रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग की सचिव वंदना राव, दक्षिण अंडमान की पुलिस अधीक्षक श्वेता सुगाथन, डॉलीगंज औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य वेंकटेश सी.एच. सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षु और उनके अभिभावक उपस्थित थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News