

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- अंडमान एवं निकोबार प्रशासन का पर्यटन विभाग, मुंबई स्थित होटल प्रबंधन, खानपान प्रौद्योगिकी एवं अनुप्रयुक्त पोषण संस्थान के सहयोग से होम-स्टे संचालकों के लिए छह दिवसीय व्यापक प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रम आयोजित करेगा। यह कार्यक्रम रैम्प योजना के अंतर्गत संचालित किया जाएगा।
पर्यटन विभाग के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 नवंबर से 21 नवंबर तक डॉलीगंज स्थित डॉ. बी. आर. आंबेडकर प्रौद्योगिकी संस्थान के होटल प्रबंधन विभाग में आयोजित किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य वर्तमान में होम-स्टे संचालित करने वाले व्यक्तियों, भविष्य में होम-स्टे व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक लोगों तथा उनके कर्मचारियों को आवश्यक व्यावसायिक कौशल प्रदान करना है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को होम-स्टे संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी। इनमें विशेष रूप से भोजन तैयार करने से जुड़े आवश्यक कौशल, भोजन और सेवाओं की आकर्षक प्रस्तुति तथा स्वच्छता संबंधी मानकों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के माध्यम से होम-स्टे संचालकों और उनके कर्मचारियों की सेवा संबंधी दक्षता बढ़ाने तथा पर्यटकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की गुणवत्ता और मानकों में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।
पर्यटन विभाग ने सभी पंजीकृत होमस्टे संचालकों, होम-स्टे व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक व्यक्तियों और उनके कर्मचारियों से इस प्रशिक्षण अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
विभाग ने इच्छुक प्रतिभागियों से जल्द से जल्द पंजीकरण कराने का अनुरोध किया है। पंजीकरण के लिए निर्धारित संपर्क पते पर उपलब्ध ऑनलाइन आवेदन पत्र भरना होगा।
कार्यक्रम से संबंधित अतिरिक्त जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक व्यक्ति पर्यटन विभाग के योजना अनुभाग से संपर्क कर सकते हैं।
पर्यटन विभाग ने होमस्टे संचालकों को इस प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रम में भाग लेकर अपने व्यावसायिक कौशल, सेवा गुणवत्ता और संचालन मानकों को बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया है।