

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम – नई दिल्ली में बुधवार को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात कर द्वीपों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान उपराज्यपाल ने द्वीपसमूह में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति में सुधार तथा केंद्रशासित प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर चर्चा की। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री के व्यापक अनुभव की सराहना भी की।
इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिया कि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं और आवश्यकताओं के समाधान के लिए भारत सरकार के अधिकारियों तथा अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के अधिकारियों के बीच जल्द बैठक आयोजित की जाए।
इस पहल से द्वीपों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा सुविधाओं में सुधार और संबंधित लंबित विषयों पर केंद्र एवं स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय को गति मिलने की उम्मीद है।