

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम --
अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने जीबी पंत अस्पताल, श्री विजय पुरम के निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को शीघ्र दूर करने तथा अस्पताल में चिकित्सकों की कमी का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए हैं। 28 सितंबर को लोक निवास में मुख्य सचिव ज्ञानेश भारती से हुई बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने अस्पताल से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए और चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू की जाए।
हाल ही में किए गए निरीक्षण के दौरान उपराज्यपाल ने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर उपचार, उपलब्ध सुविधाओं तथा उन्हें हो रही कठिनाइयों की जानकारी ली थी। औषधि वितरण केंद्र में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित करने, अस्पताल परिसर स्थित जन औषधि केंद्र को शीघ्र चालू करने तथा उसे नियमित और प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए थे। पैथोलॉजी प्रयोगशाला की सुविधाओं और उपकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक जांच मशीनों की खरीद के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा खराब पड़ी चुंबकीय अनुनाद चित्रण (एमआरआई) मशीन को तत्काल मरम्मत कर शीघ्र चालू करने के निर्देश भी दिए गए थे।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्डों में मरीजों से बातचीत कर उपचार सुविधाओं की जानकारी ली गई तथा जरावा वार्ड में भर्ती जनजातीय समुदाय के मरीजों की विशेष देखभाल के निर्देश दिए गए थे। मरीजों के परिजनों के लिए अस्पताल परिसर में आवास सुविधा, पुरुष वार्ड में पर्याप्त बैठने और प्रतीक्षा व्यवस्था, खराब जीवन रक्षक श्वसन उपकरणों की तत्काल मरम्मत तथा आवश्यक चिकित्सा सेवाओं को पूरी तरह कार्यशील बनाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया था। इसके अलावा चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने, संविदा आधार पर नए पद सृजित करने, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह आयुर्विज्ञान संस्थान में स्नातक और स्नातकोत्तर चिकित्सा सीटें बढ़ाने तथा कैंसर और हृदय रोग संबंधी सेवाओं को पूरी तरह कार्यशील बनाने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।