

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम – आज, 7 नवंबर से श्री विजय पुरम के कॉर्बिन्स कोव में श्री विजय पुरम नगरपालिका परिषद की ओर से एक सार्वजनिक मछलीघर शुरू किए जाने से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों के लिए नया आकर्षण जुड़ गया है। इस मछलीघर में अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में पाई जाने वाली विभिन्न प्रजातियों की मछलियों को देखने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य समुद्री जैव विविधता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मनोरंजन और शैक्षणिक जानकारी उपलब्ध कराना है।
परिषद की ओर से मछलीघर के संचालन का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस प्रकार दोपहर में दो घंटे का अवकाश रहेगा।
प्रवेश शुल्क के रूप में 5 से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए 25 रुपये तथा 12 वर्ष से अधिक आयु के आगंतुकों के लिए 50 रुपये निर्धारित किए गए हैं। पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को निःशुल्क प्रवेश मिलेगा।
नगरपालिका परिषद के अनुसार, प्रवेश शुल्क से प्राप्त राशि का उपयोग मछलीघर के संचालन और रखरखाव पर होने वाले खर्च को पूरा करने में किया जाएगा। इस सुविधा के माध्यम से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ द्वीपों में आने वाले पर्यटक भी यहां की समुद्री संपदा और मछलियों की विविधता को करीब से समझ सकेंगे। परिषद ने लोगों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।