

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- दक्षिण अंडमान जिला पुलिस ने जिलेभर में मादक पदार्थों के अवैध कब्जे, बिक्री और वितरण के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है।
दक्षिण अंडमान जिला पुलिस अधीक्षक श्वेता के. सुगाथन ने आज आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि 1 सितंबर 2026 से अब तक दक्षिण अंडमान जिले के विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमों द्वारा समन्वित रूप से छापेमारी और तलाशी अभियान चलाए गए हैं। इन अभियानों के दौरान 7.754 किलोग्राम गांजा, 1.21 किलोग्राम मेथामफेटामिन तथा 26 गांजे के पौधे, जिनका कुल वजन 10.236 किलोग्राम है, बरामद किए गए। इन कार्रवाइयों में कुल 15 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। दक्षिण अंडमान जिले के विभिन्न पुलिस थानों में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत कुल 09 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अतिरिक्त बरामद सभी मादक पदार्थों को निर्धारित कानूनी और प्रक्रियात्मक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
इस अभियान के तहत हंफ्रीगंज पुलिस थाने ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए 02 मामले दर्ज किए, 2.29 किलोग्राम गांजा जब्त किया और 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहाड़गांव पुलिस थाने ने 01 मामला दर्ज कर 1.21049 किलोग्राम मेथामफेटामिन जब्त किया तथा 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं अबरडीन पुलिस थाने ने 01 मामला दर्ज करते हुए 4.125 किलोग्राम गांजा बरामद किया और 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा 01 जनवरी 2026 से अब तक स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत कुल 41 मामले दर्ज किए गए हैं तथा 67 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों के दौरान पुलिस ने 19.33 किलोग्राम गांजा, 1.67 किलोग्राम चरस, 10.051 किलोग्राम मेथामफेटामिन, 47 नाइट्राजेपाम गोलियां, 10 निट्जासेन गोलियां तथा 73 गांजे के पौधे, जिनका कुल वजन 10.4638 किलोग्राम है, बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त पूरे जिले में 298 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनके माध्यम से आम जनता, विशेषकर युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
ये सभी कार्रवाइयां मादक पदार्थों की अवैध आपूर्ति श्रृंखला को बाधित करने के लिए दक्षिण अंडमान जिला पुलिस की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। इसके लिए नियमित छापेमारी, अचानक जांच, खुफिया सूचना आधारित अभियान और गहन गश्त की जा रही है। पुलिस मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों के विरुद्ध सक्रिय और शून्य सहनशीलता की नीति जारी रखेगी, ताकि नशामुक्त द्वीप और अधिक सुरक्षित तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के दृष्टिकोण में योगदान दिया जा सके।