उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला योजना समिति की बैठक में विकास पर मंथन

भविष्य की योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं पर हुई चर्चा
उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला योजना समिति की बैठक में विकास योजनाओं पर चर्चा करते जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी।
उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला योजना समिति की बैठक में विकास योजनाओं पर चर्चा करते जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी।
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम – उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला योजना समिति की दो दिवसीय बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिले की भविष्य की विकास प्राथमिकताओं, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

इस संबंध में आज सुबह सन्मार्ग संवाददाता से बातचीत करते हुए उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला परिषद के अध्यक्ष आर. अलगर स्वामी ने बैठक को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए सांसद बिष्णु पद रे, उपायुक्त सुषांत पाढ़ा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष्ण चैतन्य, विभिन्न विभागों के प्रमुखों, जिला परिषद सदस्यों तथा कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि जिला योजना समिति की बैठक ने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया, जहां सभी ने उत्तर एवं मध्य अंडमान के विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं पर अपने सुझाव रखे और विचार-विमर्श किया। उन्होंने विशेष रूप से वन विभाग तथा लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की सहभागिता की सराहना की। उन्होंने उन अधिकारियों का भी आभार जताया, जिन्होंने दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचकर बैठक में हिस्सा लिया।

अलगर स्वामी ने बताया कि बैठक में जिले के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई, जिनमें पर्यटन को बढ़ावा देने तथा वन विभाग से संबंधित विभिन्न पहल शामिल रहीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दो दिवसीय बैठक के दौरान तैयार की गई योजनाओं और सुझावों का आने वाले दिनों में धरातल पर सकारात्मक परिणाम दिखाई देगा। उन्होंने आशा जताई कि संबंधित विभाग इन निर्णयों और सिफारिशों को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएंगे।

जिला योजना समिति को संसद के समान एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक मंच बताते हुए उन्होंने कहा कि इस बैठक में सभी संबंधित पक्षों को अपने विचार रखने और सामूहिक रूप से उत्तर एवं मध्य अंडमान के विकास की दिशा तय करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामूहिक विचार-विमर्श से जिले के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News