

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- श्री विजय पुरम नगर परिषद के वार्ड नंबर 10 के समाजसेवी तमिल सेलवन ने शहर की सड़कों पर खुलेआम घूमते मवेशियों की समस्या को लेकर पशुपालकों से अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर मवेशियों को खुला छोड़ने से न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि इससे पशुओं और आम लोगों दोनों की जान खतरे में पड़ती है। उन्होंने पशुपालकों से आग्रह किया कि वे अपने मवेशियों को सड़कों पर भटकने के लिए न छोड़ें और उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित करें।
तमिल सेलवन ने हाल ही में डालीगंज में हुई एक दुर्घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि सड़क हादसे में एक गाय की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और इन्हें रोकने के लिए पशुपालकों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने शादीपुर, नया गांव, बातो बस्ती और जिलानीपुर सहित कई क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़कों पर बैठे मवेशियों के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर परिषद अपनी ओर से मवेशियों को पकड़ने और उनके प्रबंधन के लिए कार्रवाई कर रही है। पकड़े गए मवेशियों को निर्धारित स्थानों पर ले जाया जाता है और नियमों के अनुसार जुर्माना लगाने के बाद पशुपालकों को उन्हें वापस सौंपा जाता है। इसके बावजूद कुछ पशुपालक दोबारा अपने मवेशियों को सड़कों पर छोड़ देते हैं, जिससे समस्या लगातार बनी रहती है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की कार्रवाई के साथ पशुपालकों की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
आवारा कुत्तों की समस्या पर उन्होंने कहा कि इस मामले में उच्चतम न्यायालय के निर्देशों और निर्धारित कानूनी प्रावधानों का पालन करना आवश्यक है। नगर परिषद कानून के दायरे में रहकर ही कार्रवाई कर सकती है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से कुछ गौशालाओं को भी अनुमति दी गई है, जहां पकड़े गए मवेशियों को रखने और उनकी देखभाल की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने दोहराया कि नगर परिषद अपनी क्षमता और कानूनी सीमाओं के भीतर समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत है।
तमिल सेलवन ने कहा कि शहर को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए केवल प्रशासन पर निर्भर रहना उचित नहीं है। पशुपालकों को भी अपने पशुओं की सुरक्षा और सार्वजनिक सड़कों पर यातायात सुचारु रखने की जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और आम जनता के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की जान भी सुरक्षित रह सके।