छठ पूजा पर सार्वजनिक अवकाश घोषित, हिंदू राष्ट्र शक्ति ने जताया आभार

तीन वर्षों से उठाई जा रही थी मांग
हिंदू राष्ट्र शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर लाल की तस्वीर
हिंदू राष्ट्र शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर लाल की तस्वीर
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम -- अंडमान एवं निकोबार प्रशासन द्वारा छठ महापर्व के अवसर पर 16 नवंबर 2026, सोमवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने पर हिंदू राष्ट्र शक्ति ने प्रशासन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

सन्मार्ग संवाददाता से बात करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर लाल ने कहा कि प्रशासन के इस निर्णय से द्वीपसमूह में रहने वाले हजारों छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। प्रशासन के सचिवालय, श्री विजय पुरम से 14 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के माध्यम से 16 नवंबर को प्रतिहार षष्ठी अथवा सूर्य षष्ठी (छठ पूजा) के अवसर पर सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों तथा अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के अधीन शैक्षणिक संस्थानों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इससे पहले 15 नवंबर 2026, रविवार के लिए घोषित प्रतिबंधित अवकाश को अब 16 नवंबर के सार्वजनिक अवकाश के रूप में निर्धारित किया गया है।

राकेश्वर लाल ने कहा कि हिंदू राष्ट्र शक्ति पिछले तीन वर्षों से द्वीपसमूह में छठ पूजा के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग लगातार उठाता रहा है। बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड तथा देश के अन्य राज्यों से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालु कई दशकों से इन द्वीपों में निवास कर रहे हैं और द्वीपसमूह के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। संगठन का कहना है कि इन श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और छठ महापर्व के महत्व को ध्यान में रखते हुए यह मांग लगातार प्रशासन के समक्ष रखी जाती रही है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी संगठन की ओर से दिल्ली सरकार की अधिसूचना के अनुरूप प्रशासन को एक प्रतिवेदन सौंपा गया था। दिल्ली सरकार ने 9 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के माध्यम से 16 नवंबर को छठ पूजा के अवसर पर अवकाश घोषित किया था। इसी आधार पर अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में भी सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया गया था।

संगठन ने उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने श्रद्धालुओं की इस जायज मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया और छठ पूजा के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही सांसद बिष्णु पद रे को भी धन्यवाद दिया गया, जिन्होंने श्रद्धालुओं की इस मांग को लगातार प्रशासन के समक्ष उठाने और इसके समर्थन में प्रयास करने में सहयोग दिया। संगठन ने सचिवालय के सामान्य प्रशासन अनुभाग के सहायक सचिव का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने संबंधित फाइल पर समय रहते कार्रवाई की, जिससे अधिसूचना समय पर जारी हो सकी।

संगठन ने कहा कि समाचार माध्यमों के निरंतर सहयोग और जनहित में किए गए प्रयासों के कारण इस बार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया गया।

राकेश्वर लाल ने कहा कि सार्वजनिक अवकाश घोषित होने से द्वीपसमूह के हजारों श्रद्धालु बिना किसी कठिनाई के छठ महापर्व का व्रत रख सकेंगे और पूरे श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सूर्य उपासना तथा अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकेंगे। हिंदू राष्ट्र शक्ति ने इस निर्णय को श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही मांग की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उपराज्यपाल, सांसद, प्रशासन तथा समाचार माध्यमों के प्रति पुनः आभार व्यक्त किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News