

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम – नीलांबुर ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों ने बाराटांग द्वीप से जुड़े 20 महत्वपूर्ण और लंबे समय से लंबित मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर मुख्य सचिव ज्ञानेश भारती से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में पंचायत के उपप्रधान टी. सतीश कुमार, सरपंच आनंद भेंगरा तथा पूर्व प्रधान रॉय जॉर्ज शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने मुख्य सचिव के समक्ष इन समस्याओं को विस्तार से रखा। इन मुद्दों का उल्लेख करते हुए पहले ही अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के उपराज्यपाल को एक पत्र सौंपा जा चुका है।
मुलाकात के दौरान भूमि और राजस्व से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इन मामलों के लंबे समय से लंबित रहने के कारण स्थानीय लोगों को विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर मुख्य सचिव ने आश्वासन दिया कि संबंधित वन एवं राजस्व विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर इन लंबित मामलों का जल्द से जल्द समाधान करने के लिए कहा जाएगा।
प्रतिनिधियों ने बाराटांग द्वीप में सड़क संपर्क, पेयजल आपूर्ति और बिजली से संबंधित समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इन बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान करने तथा आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि स्थानीय लोगों के दैनिक जीवन को सुचारु बनाए रखने के लिए इन आवश्यक सुविधाओं में सुधार बेहद जरूरी है।
इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त-सह-सचिव से भी मुलाकात की और क्षेत्र की बदहाल सड़कों, पेयजल आपूर्ति की समस्याओं तथा बिजली संबंधी परेशानियों से उन्हें अवगत कराया। प्रतिनिधियों ने संबंधित अधिकारियों से इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। इस दौरान उन्हें आश्वासन दिया गया कि इन मुद्दों को यथासंभव दूर करने के लिए जरूरी प्रयास किए जाएंगे।
बाराटांग द्वीप की बुनियादी सुविधाओं और जनसमस्याओं को लेकर की गई ये मुलाकातें लंबे समय से लंबित शिकायतों के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित होने से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी और क्षेत्र में सड़क संपर्क, पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं में सुधार हो सकेगा।