

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन ने लोगों को सूचित किया है कि आभा ऐप 31 अक्टूबर 2026 से सक्रिय संचालन से हटा दिया जाएगा और नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं तक निरंतर पहुंच के लिए आरोग्य सेतु 2.0 अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया है।
आरोग्य सेतु 2.0 आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाते बनाने और उनका प्रबंधन करने तथा डिजिटल स्वास्थ्य अभिलेखों तक पहुंचने के लिए एक एकीकृत मंच प्रदान करता है। यह ऐप कई डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं देता है, जिनमें स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को सुरक्षित और सहमति आधारित तरीके से साझा करना, चिकित्सा अभिलेखों का डिजिटलीकरण और प्रबंधन, डॉक्टर से मिलने का समय तय करना, टेली-परामर्श, स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी और स्वास्थ्य की स्थिति पर नजर रखना शामिल है।
यह ऐप उपयोगकर्ताओं को कागजी चिकित्सा दस्तावेजों का डिजिटलीकरण करने और अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को डिजिटल रूप से प्रबंधित करने में भी सक्षम बनाता है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं तक अधिक सुविधाजनक पहुंच संभव होती है।
आरोग्य सेतु 2.0 की एक अन्य प्रमुख विशेषता भागीदार स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध "स्कैन और साझा करें" सुविधा है। मरीज ऐप के जरिये स्वास्थ्य संस्थान में प्रदर्शित क्यूआर कोड को स्कैन कर अपनी सहमति से आभा विवरण साझा कर सकते हैं, जिससे बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में पंजीकरण तेजी से हो सकेगा।
इस सुविधा का उद्देश्य अस्पतालों और अन्य भागीदार स्वास्थ्य संस्थानों में पंजीकरण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना, प्रतीक्षा समय कम करना, मरीजों की आवाजाही सुधारना और कतार प्रबंधन को मजबूत करना है।
नागरिकों को आभा बनाने और उसके प्रबंधन तथा डिजिटल स्वास्थ्य अभिलेखों तक पहुंच सहित एबीडीएम से जुड़ी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं तक निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के लिए समय रहते आरोग्य सेतु 2.0 डाउनलोड कर उसका उपयोग शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
इस बदलाव से डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं तक सुविधाजनक और सुरक्षित पहुंच आसान होने तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में डिजिटल स्वास्थ्य तंत्र के मजबूत होने की उम्मीद है।