अंडमान एवं निकोबार ने बनाया दूसरा गिनीज विश्व रिकॉर्ड

स्वराज द्वीप में पानी के भीतर सबसे ऊँची मानव संरचना का निर्माण
अंडमान एवं निकोबार ने बनाया दूसरा गिनीज विश्व रिकॉर्ड
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह ने रविवार को आज एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की और स्वराज द्वीप के लाइटहाउस डाइव स्थल पर ‘पानी के भीतर सबसे ऊँची मानव संरचना’ का दूसरा गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाया। इस संरचना की ऊँचाई 22.3 मीटर मापी गई और यह तीन मिनट तक स्थिर रही। इस अवसर पर अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के माननीय उपराज्यपाल तथा द्वीप विकास एजेंसी के उपाध्यक्ष एडमिरल डी. के. जोशी (सेवानिवृत्त) ने 14 स्कूबा गोताखोरों के साथ इस ऐतिहासिक प्रयास में भाग लिया। कार्यक्रम के समापन के बाद शाम को स्वराज द्वीप स्थित डॉल्फिन रिसॉर्ट के सम्मेलन कक्ष में आयोजित समारोह में गिनीज विश्व रिकॉर्ड के निर्णायक ऋषि नाथ ने आधिकारिक रूप से इस नए विश्व रिकॉर्ड की घोषणा की और अंडमान एवं निकोबार प्रशासन को प्रमाण पत्र प्रदान किया। उपराज्यपाल ने गोताखोरों, अधिकारियों और सभी हितधारकों की सराहना करते हुए कहा कि उनके उत्कृष्ट समन्वय, समर्पण और प्रतिबद्धता के कारण यह दोहरी उपलब्धि संभव हो सकी। इससे पहले ‘पानी के भीतर सबसे बड़ा राष्ट्रीय ध्वज फहराने’ का रिकॉर्ड भी बनाया गया था। इन दोनों विश्व रिकॉर्ड प्रयासों की योजना प्रशासन द्वारा द्वीपों की अद्वितीय समुद्री संपदा को प्रदर्शित करने और अंडमान एवं निकोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख गोताखोरी गंतव्य के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से बनाई गई थी। दोनों प्रयासों की सफलता ने द्वीपों की विश्व स्तरीय पहचान को और मजबूत किया है। इस अवसर पर अंडमान और निकोबार कमान के प्रमुख, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक तथा पर्यटन विभाग सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। पर्यटन विभाग, पुलिस, वन विभाग, भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के साथ-साथ विभिन्न डाइविंग केंद्रों के गोताखोरों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in