

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में कश्मीरियों के इंसाफ के लिए लोकसभा में आज केंद्र सरकार ने 2 अहम विधेयक पेश किए। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर जबरदस्त हमला किया। पाक अधिकृत कश्मीर पर बोलते हुए शाह ने पूर्व पीएम नेहरू के निर्णय पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पीओके के मुद्दे पर नेहरू ने गलती नहीं ब्लंडर किया है। विधेयक पर बोलते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'कश्मीरियों की चिंता किसी ने नहीं की। उन्हें अब न्याय देने का वक्त है। यह काम मोदी सरकार कर रही है।
गृह मंत्री ने कहा कि नेहरू से कई बड़ी गलतियां हुई। जब कश्मीर में भारतीय फौजें जीत हासिल करती हुई आगे बढ़ रही थी तो वे युद्धविराम के लिए यूएन में चले गए। इस गलती की वजह से पीओके हमारे देश का हिस्सा बनते बनते रह गया।
अमित शाह ने कहा, 'मेरा मानना है कि युद्धविराम के लिए यूएन में जाना ही नहीं चाहिए था। अगर नेहरू गए भी तो उन्हें यूएन चार्टर की सही धारा के तहत इस मामले को उठाना चाहिए थे। नेहरु सरकार की यह गलती नहीं बल्कि ब्लंडर था, जिसका नुकसान आज तक देश भुगत रहा है।'