‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के लिए कल होगी सर्वदलीय बैठक

प्रधानमत्री ने मंत्रिमंडल की बैठक में की सशस्त्र बलों की तारीफ
‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के लिए कल होगी सर्वदलीय बैठक
Published on

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी शिविरों पर लक्षित हमले करने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की। इस मुद्दे पर व्यापक चर्चा के लिए सरकार ने गुरुवार (आठ मई) को पूर्वाह्न 11 बजे सर्वदलीय बैठक बुलायी।

प्रधानमंत्री ने आतंकी ठिकानों को तबाह करने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाये जाने के कुछ घंटे बाद बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता की। सूत्रों ने बताया कि जैसे ही रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में कैबिनेट को जानकारी दी, पूरे मंत्रिमंडल ने मेजें थपथपाकर इस कार्रवाई और प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की।

समझा जाता है कि मोदी ने यह भी कहा कि उनकी सरकार आतंकवाद को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने रक्षामंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी अलग से मुलाकात की और स्थिति का जायजा लिया। भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार एवं बुधवार की दरमियानी रात पाकिस्तान एवं पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किये, जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना शामिल है। मंत्रिमंडल की बैठक से पहले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने प्रधानमंत्री मोदी को स्थिति से अवगत कराया। एजेंसियां

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in