

वाशिंगटन : अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने सोमवार को कहा कि 23 सितंबर तक ईरान की सभी एयरलाइंस बंद हो जाएंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो देश ईरानी एयरलाइंस को विमान उतारने की सुविधा, ईंधन या टिकट उपलब्ध कराएंगे, उन्हें अमेरिकी डॉलर की वित्तीय व्यवस्था से बाहर किया जा सकता है।
बेसेंट ने यह चेतावनी ऐसे समय दी है जब अमेरिका ने ईरान के विमानन क्षेत्र पर दबाव बढ़ा दिया है। वाशिंगटन ने उन विदेशी कंपनियों और संस्थाओं के खिलाफ द्वितीयक प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है, जो ईरानी विमानन कंपनियों को जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराती रहेंगी।
सीएनएन के अनुसार, बेसेंट ने कहा, “जब ईरानी एयरलाइंस किसी हवाई अड्डे पर उतरती हैं तो उन्हें ईंधन या उतरने की सुविधा नहीं दी जा सकती और न ही टिकट बेचे जा सकते हैं। ऐसा करने पर संबंधित संस्था को डॉलर प्रणाली से बाहर किया जा सकता है।”
द्वितीयक प्रतिबंधों के तहत अमेरिका सीधे ईरानी कंपनियों पर कार्रवाई करने के साथ-साथ दूसरे देशों की उन कंपनियों को भी निशाना बनाता है, जो प्रतिबंधित ईरानी संस्थाओं के साथ महत्वपूर्ण कारोबार करती हैं। ऐसी कंपनियों की अमेरिकी वित्तीय व्यवस्था तक पहुंच सीमित की जा सकती है।
इन प्रतिबंधों के दायरे में हवाई अड्डे, ईंधन आपूर्तिकर्ता, ग्राउंड-हैंडलिंग कंपनियां, टिकट एजेंट और वित्तीय संस्थान आ सकते हैं। अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने यह भी चेतावनी दी है कि ईरानी एयरलाइंस को विमान उपलब्ध कराने, कार्गो सेवाएं देने, बिक्री एजेंट की सेवाएं उपलब्ध कराने या अन्य सहायता देने वाली कंपनियों पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है।