सभी चुनाव कानून के मुताबिक कराए जाते हैं

चुनाव आयोग का राहुल को पत्र
सभी चुनाव कानून के मुताबिक कराए जाते हैं
Published on: 

नयी दिल्ली : निर्वाचन आयोग ने 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में धांधली के आरोपों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को औपचारिक रूप से पत्र लिखकर कर कहा है कि आयोग द्वारा सभी चुनाव संसद द्वारा पारित कानूनों और नियमों के अनुसार कराए जाते हैं। आयोग ने इस बात पर भी जोर दिया कि पूरी चुनावी प्रक्रिया के दौरान हजारों कर्मी तैनात होते हैं, जिनमें राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ-स्तरीय एजेंट भी शामिल हैं।

राहुल गांधी ने पिछले दिनों अखबारों में लेख लिखकर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल उठाए थे। आयोग ने बीते 12 जून को राहुल गांधी को ईमेल किए गए एक पत्र में कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर विकेंद्रीकृत तरीके से आयोजित की जाती है, जिसमें 1,00,186 से अधिक बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ), 288 चुनावी पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), 139 सामान्य पर्यवेक्षक, 41 पुलिस पर्यवेक्षक, 71 व्यय पर्यवेक्षक और 288 निर्वाचन अधिकारी (आरओएस) शामिल होते हैं। इसके अलावा पूरे महाराष्ट्र में राष्ट्रीय और राज्य के राजनीतिक दलों द्वारा 1,08,026 बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए जाते हैं और इसमें कांग्रेस के 28,421 बीएलए होते हैं।

आयोग ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष से कहा, ‘हम मानते हैं कि चुनाव के संचालन के संबंध में कोई भी मुद्दा कांग्रेस उम्मीदवारों द्वारा सक्षम अदालत (हाई कोर्ट) में दायर चुनाव याचिकाओं के माध्यम से पहले ही उठाया जा चुका होगा।’ चुनाव अधिकारी ने कहा, ‘हालांकि, यदि आपके पास अभी भी कोई मुद्दा है, तो हमें इस बारे में लिखने के लिए आपका स्वागत है और आयोग सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए पारस्परिक रूप से सुविधाजनक तारीख और समय पर आपसे व्यक्तिगत रूप से मिलने को तैयार है।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in