

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम – अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के प्रतिनिधिमंडल ने लोक निवास में उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रशासित प्रदेश में शिक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर उपराज्यपाल के साथ चर्चा की। बैठक में विशेष रूप से केंद्रशासित प्रदेश में केंद्रीय विश्वविद्यालय से संबंधित विषय को भी उठाया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पहलुओं तथा विद्यार्थियों और युवाओं की आकांक्षाओं एवं हितों से संबंधित विषयों पर अपनी बात रखी। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि केंद्रशासित प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थी और युवा के कल्याण, शैक्षणिक हितों तथा उनकी आकांक्षाओं का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से जुड़े विषयों को गंभीरता से लेने तथा शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक प्रयास किए जाने की बात कही।