नयी दिल्ली : एअर इंडिया की लंदन से दिल्ली आने वाली उड़ान एआई2018 शुक्रवार को 11 घंटे से अधिक विलंबित हुई और अब यह शनिवार सुबह आठ बजे प्रस्थान करेगी। एअरलाइन ने कहा कि यात्रियों को टिकट रद्द करने पर पूरे पैसे वापस या बिना अतिरिक्त शुल्क के टिकट फिर से लेने का विकल्प दिया गया है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार, यह उड़ान 1 अगस्त की रात लगभग 8 बजकर 35 मिनट पर रवाना होने वाली थी। फिलहाल यात्रियों की संख्या की जानकारी उपलब्ध नहीं है। यह उड़ान ड्रीमलाइनर बोइंग 787-9 विमान से संचालित की जाएगी।
जानकारी हो कि गुरुवार को दिल्ली से लंदन जा रही ड्रीमलाइनर विमान को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने से पहले ही रोक दिया गया था जिसके बाद वैकल्पिक विमान से यात्रा कराई गई। एअर इंडिया ने कहा कि 31 जुलाई को दिल्ली से लंदन जाने वाली उड़ान एआई2017 को संभावित तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने से रोका गया। कॉकपिट क्रू ने मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उड़ान नहीं भरने का फैसला किया और एहतियाती जांच के लिए विमान को वापस ले आए।
एअरलाइन ने शुक्रवार को कहा कि यात्रियों को प्रस्थान के नये समय की जानकारी दी गई। एअरलाइन के बयान में कहा गया कि लंदन में हवाई अड्डे पर हमारे कर्मचारी किसी भी यात्री को होने वाली असुविधा को होटल और जलपान की व्यवस्था करके कम करने का हरसंभव प्रयास करेंगे। यात्रियों को उनकी पसंद के आधार पर टिकट रद्द करने पर पूरे पैसे वापस या बिना अतिरिक्त शुल्क के टिकट फिर से लेने का विकल्प दिया गया है। लंदन से दिल्ली की उड़ान का सामान्य समय करीब 10 घंटे का होता है।