

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार प्रशासन ने कैंपबेल बे के निवासियों को आश्वस्त किया है कि क्षेत्र में घरेलू एलपीजी की नियमित आपूर्ति बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पिछले कुछ महीनों से नियमित जहाज सेवाओं में व्यवधान के कारण घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता प्रभावित हुई है। आज जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में प्रशासन ने बताया कि द्वीपों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति एवं वितरण का कार्य इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड अपने अधिकृत वितरक के माध्यम से करता है। अंडमान एवं निकोबार प्रशासन की ओर से नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय पूरे द्वीपसमूह में एलपीजी की उपलब्धता और वितरण की निरंतर निगरानी कर रहा है। निर्धारित जहाज सेवाओं में व्यवधान के कारण पिछले कुछ महीनों से कैंपबेल बे तक एलपीजी सिलेंडरों का परिवहन नहीं हो सका, जिसके परिणामस्वरूप वहां उपलब्ध स्टॉक में लगातार कमी आई और अस्थायी रूप से एलपीजी की कमी उत्पन्न हो गई। निवासियों को हो रही असुविधा को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल भारतीय नौसेना से सहायता मांगी। भारतीय नौसेना, अंडमान एवं निकोबार कमांड, आईओसीएल तथा अन्य संबंधित पक्षों के समन्वित प्रयासों से 250 भरे हुए एलपीजी सिलेंडरों की विशेष खेप सफलतापूर्वक कैंपबेल बे पहुंचाई गई, जिससे उपभोक्ताओं को तत्काल राहत मिली। प्रशासन ने बताया कि कैंपबेल बे में एलपीजी की मांग अभी भी उपलब्ध कराई गई मात्रा से अधिक बनी हुई है। इसलिए नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय ने भारतीय नौसेना से अतिरिक्त 250 भरे हुए एलपीजी सिलेंडरों के परिवहन में एक बार फिर सहयोग देने का अनुरोध किया है। इन सिलेंडरों को भारतीय नौसेना की परिचालन सुविधा के अनुसार भेजा जाएगा। साथ ही अगस्त के पहले सप्ताह में एमवी चुंगलम के माध्यम से लगभग 200 एलपीजी सिलेंडर भेजने की भी व्यवस्था की जा रही है। इसके अतिरिक्त एमवी मानव स्टार और एमवी शक्ति की निर्धारित यात्राओं के माध्यम से भी पर्याप्त मात्रा में एलपीजी सिलेंडर भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि अगस्त के पहले सप्ताह तक पर्याप्त संख्या में एलपीजी सिलेंडर कैंपबेल बे पहुंच जाएंगे, जिससे वहां सामान्य आपूर्ति बहाल हो जाएगी। अंडमान एवं निकोबार प्रशासन ने आवश्यक वस्तु की आपूर्ति सुनिश्चित करने में समय पर सहयोग और बेहतर समन्वय के लिए भारतीय नौसेना तथा अंडमान एवं निकोबार कमांड का आभार व्यक्त किया है। प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया कि कैंपबेल बे में सामान्य एलपीजी आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।