

कोहिमा : नागालैंड के तुएनसांग में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से कम से कम नौ लोगों की मौत की सूचना है। घटना के बाद नागालैंड पुलिस ने पूरे राज्य में रेड अलर्ट जारी किया है। तुएनसांग के सिविल अस्पताल में मौतों की पुष्टि की गई है। नागालैंड के पुलिस महानिदेशक रूपिन शर्मा ने रविवार को अलर्ट जारी करते हुए कहा कि तुएनसांग जिले से चिंताजनक सूचनाएं मिल रही हैं। मौतों का कारण संदिग्ध जहरीली शराब माना जा रहा है और मामले की जांच जारी है। डीजीपी ने लोगों से शराब का सेवन नहीं करने की अपील की है। खासकर मोन, मोकोकचुंग, तुएनसांग, लोंगलेंग, किफिरे, शामातोर और नोकलाक जिलों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। उन्होंने अन्य जिलों के लोगों से भी स्थिति स्पष्ट होने तक शराब से दूर रहने की अपील की। घटना ने 1989 के नागालैंड लिकर टोटल प्रोहिबिशन एक्ट (एनएलटीपी) पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह कानून 1990 में लागू हुआ था। इसका उद्देश्य शराब से जुड़ी घरेलू हिंसा और अपराधों को कम करना तथा सामाजिक बदलाव लाना था। हालांकि, 35 वर्षों के बाद भी राज्य में अवैध शराब की बिक्री जारी है।