बर्फानी बाबा अमरनाथ को 7,049 श्रद्धालु रवाना

बारहवां जत्था
दुर्घटनाग्रस्त एक बस के पास खड़े सुरक्षाकर्मी
दुर्घटनाग्रस्त एक बस के पास खड़े सुरक्षाकर्मी-
Published on: 

जम्मू (जे के ब्यूरो) : दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए रविवार को 7,049 तीर्थयात्रियों का 12वां जत्था जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि 1,423 महिलाओं, 31 बच्चों और 136 साधुओं व साध्वियों सहित तीर्थयात्री तड़के कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अलग-अलग काफिलों में अनंतनाग के नुनवान-पहलगाम और गंदेरबल के बालटाल आधार शिविरों के लिए रवाना हुए। 4,158 तीर्थयात्री 148 वाहनों के काफिले में पहलगाम आधार शिविर जा रहे हैं, जबकि 138 वाहनों में सवार 2,891 तीर्थयात्री बालटाल मार्ग पर बढ़ रहे हैं। अमरनाथ की 38 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा तीन जुलाई को दोनों मार्गों से शुरू हुई और यह 9 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन समाप्त होगी। अब तक लगभग 1.83 लाख तीर्थयात्री इस मंदिर में दर्शन-पूजन कर चुके हैं।

तीन बसों की टक्कर, 10 श्रद्धालु घायल

जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में आधार शिविर जा रहे अमरनाथ यात्रियों के काफिले की तीन बस रविवार को आपस में टकरा गयीं, जिससे 10 तीर्थयात्री घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायल तीर्थयात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है तथा इस दुर्घटना में तीनों बस क्षतिग्रस्त हो गयीं। अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त बसों के अन्य तीर्थयात्रियों को दूसरी बसों में ले जाया गया तथा काफिला यात्रा पर रवाना हो गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News