5,575 किलोग्राम विशाल लड्डू के साथ निकली भव्य गणेश भोग यात्रा

नेताजी क्लब में सार्वजनिक दर्शन के लिए रखा लड्डू

समाचार 2: फोटो कैप्शन — श्री विजय पुरम में 5,575 किलोग्राम के विशाल लड्डू के साथ निकाली गई गणेश भोग यात्रा।
समाचार 2: फोटो कैप्शन — श्री विजय पुरम में 5,575 किलोग्राम के विशाल लड्डू के साथ निकाली गई गणेश भोग यात्रा।
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम- गणेश भोग यात्रा 2026 के तहत 5,575 किलोग्राम वजन के विशाल लड्डू के साथ सोमवार को श्री विजय पुरम में भव्य गणेश भोग यात्रा निकाली गई। दोपहर करीब 3 बजे वीआईपी रोड स्थित 4-सीजन्स कार्यालय से यात्रा का शुभारंभ हुआ। इससे पहले कार्यालय परिसर में विशाल लड्डू तथा भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। प्रसिद्ध शेफ अश्वर पाल सिंह और उनकी पूरी टीम ने पूजा में भाग लेकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया तथा यात्रा के सफल आयोजन की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद विशाल लड्डू को यात्रा के लिए रवाना किया गया। यात्रा में भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा के साथ विशाल लड्डू आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहा। यात्रा के मार्ग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। यात्रा वीआईपी रोड से आगे बढ़ते हुए डेयरी फार्म, जंगलीघाट सहित श्री विजय पुरम के प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरी।

यात्रा का समापन नेताजी क्लब में हुआ, जहां 5,575 किलोग्राम के विशाल लड्डू को श्रद्धालुओं के सार्वजनिक दर्शन के लिए रखा गया। आयोजन स्थल पर भगवान गणेश के दर्शन के साथ श्रद्धालुओं ने इस अनूठे धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनने का अवसर प्राप्त किया।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष तैयार किया गया 5,575 किलोग्राम का विशाल लड्डू पिछले वर्ष के 4,442 किलोग्राम के लड्डू के रिकॉर्ड से 1,133 किलोग्राम अधिक है। पिछले वर्ष भी शेफ अश्वर पाल सिंह ने 4-सीजन्स आयोजन प्रबंधन के सहयोग से विशाल लड्डू तैयार किया था, जिसे इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान मिला था। इस वर्ष उससे भी बड़ा लड्डू तैयार कर नया कीर्तिमान स्थापित करने का प्रयास किया गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in