

काठमांडू : नेपाल के कोशी प्रांत में मंगलवार सुबह 7 बजकर 2 मिनट पर 5.3 तीव्रता का भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने इसकी तीव्रता 5.4 बताई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से 20 किलोमीटर नीचे था। इसके झटके पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों के अलावा चीन, बांग्लादेश और भूटान में भी महसूस किए गए। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी और उत्तर बंगाल के अन्य हिस्सों में सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। बिहार के कई जिलों में भी धरती कांपने की खबर है। कुछ इलाकों में लगातार दो बार झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र पूर्वी नेपाल में सिक्किम की सीमा के पास बताया गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में बोतलों के भीतर पानी हिलता दिखाई दिया। हालांकि, भूकंप से किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है।