

डॉ. सचिन शिंदे के दौरे के बाद तेज हुआ कामसन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : बाराटांग द्वीप के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है, जहां 500 केवीए क्षमता वाला डीजल जनरेटर सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया है और इसके एक सप्ताह के भीतर चालू होने की उम्मीद है। यह कदम पिछले कई महीनों से जारी बिजली संकट के बीच उठाया गया है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा था। पिछले चार से पांच महीनों से बाराटांग के लोग लगातार बिजली कटौती का सामना कर रहे थे, जिससे घरों, व्यवसायों और आवश्यक सेवाओं पर असर पड़ा। नए डीजी सेट की स्थापना से बिजली आपूर्ति स्थिर होने और लोगों की परेशानियां कम होने की उम्मीद है। निलाम्बुर पंचायत की प्रधान सोमारी राय ने बताया कि यह उपलब्धि पूरी पीआरआई टीम के निरंतर प्रयासों का परिणाम है, जो लंबे समय से इस मुद्दे को उठा रही थी। उन्होंने बिजली विभाग के प्रति आभार जताया और विशेष रूप से डॉ. सचिन शिंदे, आईएएस, आयुक्त-सह-सचिव (विद्युत) की भूमिका की सराहना की, जिन्होंने हाल ही में बाराटांग का दौरा कर इस मामले को प्राथमिकता दी। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे उनके जीवन स्तर में सुधार होगा।