

रोम : दक्षिणी इटली के नेपल्स के निकट शुक्रवार शाम आए 4.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप में कम से कम 21 लोग घायल हो गए। भूकंप के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, सार्वजनिक परिवहन प्रभावित हुआ और कई इमारतों तथा एक घाट (पियर) को नुकसान पहुंचा। स्थानीय समयानुसार शाम 7:46 बजे आए इस भूकंप का केंद्र कैंपी फ्लेग्री क्षेत्र में था, जो यूरोप के सबसे बड़े ज्वालामुखीय क्रेटर का क्षेत्र माना जाता है। अधिकारियों के अनुसार, पिछले 40 वर्षों में यह इस क्षेत्र का सबसे शक्तिशाली भूकंप था। भूकंप के झटकों से एक चट्टान का हिस्सा भी ढह गया। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं एहतियात के तौर पर 250 से अधिक लोगों को उनके घरों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। कई निवासियों ने पूरी रात सड़कों पर बिताई, क्योंकि उन्हें अपने घरों के ढहने का डर था। इटली के राष्ट्रीय भूभौतिकी एवं ज्वालामुखी विज्ञान संस्थान के अनुसार, यह भूकंप लगातार जारी भूकंपीय गतिविधियों (सीस्मिक स्वॉर्म) का हिस्सा है। लगभग 3 किलोमीटर की गहराई पर आए इस भूकंप के झटके नेपल्स, इस्चिया द्वीप और सोरेंटो प्रायद्वीप तक महसूस किए गए। मुख्य भूकंप के बाद भी क्षेत्र में झटकों का सिलसिला जारी रहा। भूकंप मापी यंत्रों ने लगभग 60 आफ्टरशॉक दर्ज किए। इनमें शनिवार सुबह 5:47 बजे 3.1 तीव्रता का एक और भूकंप आया, जिसके झटके बाकोली, पोज्जुओली और नेपल्स के निवासियों ने महसूस किए।