बुराड़ी में ढही इमारत से 4 को जीवित निकाला गया

अब तक 21 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया, 16 की जान बच गयी और पांच की मौत
बुराड़ी में जारी बचाव कार्य
बुराड़ी में जारी बचाव कार्य
Published on: 

नयी दिल्ली : दिल्ली के बुराड़ी इलाके में बहुमंजिला इमारत ढहने की घटना के 24 घंटे से अधिक समय बाद एक परिवार के चार लोगों को मलबे से जीवित बाहर निकाला गया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात एक दंपति और उनके दो नाबालिग बेटों को बचाया गया तथा उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब तक 21 लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है, जिसमें से 16 की जान बच गयी और पांच लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने बताया कि नवनिर्मित इमारत की छत का एक हिस्सा रसोई गैस सिलेंडर पर गिरा जिससे मलबा उन पर नहीं गिरा और वे दबने से बच गए। ‘ऑस्कर पब्लिक स्कूल’ के पास चार मंजिला आवासीय इमारत सोमवार शाम ढह गयी थी, जिसमें दो नाबालिगों सहित पांच लोगों की मौत हो गयी। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बांठिया ने कहा, ‘बचाव अभियान अभी जारी है और बुधवार देर रात तक इसके जारी रहने की संभावना है। दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ और दिल्ली अग्निशमन सेवा की कई टीम रात-दिन काम कर रही हैं।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in