बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए 3791 श्रद्धालु अमरनाथ रवाना

वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले पुराने मार्ग पर भारी भूस्खलन, 10 घायल हो और पुंछ में भूस्खलन से बच्चे की मौत, 3 घायल
वैष्णो देवी मंदिर के पुराने मार्ग पर हुआ भूस्खलन
वैष्णो देवी मंदिर के पुराने मार्ग पर हुआ भूस्खलन
Published on

जम्मू (जे के ब्यूरो) : दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,880 मीटर ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 3,791 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था सोमवार को दोनों आधार शिविरों के लिए रवाना हुआ। यह यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई थी और इसके शुरू होने के बाद से अब तक तीन लाख से अधिक तीर्थयात्री बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सीआरपीएफ और पुलिस कर्मियों की सुरक्षा में 3,791 तीर्थयात्रियों का जत्था रविवार देर रात 3:33 बजे से सोमवार तड़के 04:06 बजे के बीच 148 वाहनों में सवार होकर यहां भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। इस जत्थे में 3,067 पुरुष, 522 महिलाएं, नौ बच्चे, 192 साधु और साध्वियां तथा एक ट्रांसजेंडर शामिल था। सोमवार को तीर्थयात्रियों का जत्था अब तक का सबसे कम तीर्थयात्रियों वाला जत्था है। पिछले कुछ दिनों में मौके पर पंजीकरण के लिए काउंटर पर आने वालों की संख्या में भी कमी आई है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 4 लाख से अधिक लोगों ने तीर्थयात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। पिछले साल 5.10 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन किए थे।

पुंछ में भूस्खलन, छात्र की मौत

पुंछ जिले में सोमवार को भारी बारिश के कारण एक सरकारी स्कूल के भूस्खलन की चपेट में आने से एक छात्र की मौत हो गयी और तीन अन्य लोग घायल हो गये। अधिकारियों ने बताया कि बैंछ-कलसैन इलाके में स्थित प्राथमिक विद्यालय की टिन की छत पर एक बड़ा पत्थर आ गिरा, जिससे छात्र घायल हो गये। इस घटना में एक छात्र की मौत हो गयी। इस मामले में विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।

वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन, 10 घायल

रियासी जिले में वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले पुराने मार्ग पर सोमवार को भारी भूस्खलन हुआ, जिससे पांच तीर्थयात्रियों सहित 10 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि कटरा शहर में हुई तेज बारिश से भूस्खलन हुआ, जिसकी वजह से एक ‘बुकिंग’ कार्यालय और उसके ऊपर बना लोहे का ढांचा ढह गया। एहतियात के तौर पर मंदिर की यात्रा दोपहर एक बजे तक स्थगित कर दी गयी। यह घटना सुबह लगभग साढ़े आठ बजे बाणगंगा के पास गुलशन का लंगर में हुई। यह यात्रा का प्रारंभिक बिंदु है। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी अधिकारी और जम्मू के जिलाधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने बताया,‘भूस्खलन के कारण तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये और सात अन्य को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को बचा लिया गया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।’ वैश्य घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बचाव एवं मलबा हटाने का कार्य जारी है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद स्थानीय स्वयंसेवकों, तीर्थस्थल बोर्ड के कर्मचारियों, एसडीआरएफ, पुलिस और सीआरपीएफ के कर्मियों द्वारा तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल चेन्नई निवासी उप्पन (70), उनकी पत्नी के. राधा (66) और हरियाणा निवासी राजिंदर भल्ला (70) को नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश निवासी लीला रायकवार (56) का कटरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज हो रहा है।

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र निवासी सुरेश कुमार (66) और दो स्थानीय लोगों निखिल ठाकुर (26) और विक्की शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने के बाद ठाकुर ने बताया, ‘मैं बुकिंग कार्यालय के अंदर था, तभी ऊपर लोहे की संरचना पर पत्थर गिरने लगे। हमें भूस्खलन का खतरा महसूस हुआ, तो हमने दूसरों को सतर्क किया और बाहर भाग निकल आये।’ उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण घटनास्थल पर श्रद्धालुओं और खच्चर चलाने वालों का एक छोटा समूह ही मौजूद था। मौसम विभाग के अनुसार, कटरा शहर में सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में 184.2 मिमी बारिश हुई है। रविवार रात को हिमकोटि के पास नए रास्ते पर भी भूस्खलन हुआ था, जिसके कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया था जिसे बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in