देश/विदेश
350 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया अनावरण
आइजोल :
केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने सोमवार को मिजोरम में लगभग 350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने आइजोल कला एवं संगीत संस्थान का उद्घाटन किया और नौ अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री लालदुहोमा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में सिंधिया ने कहा कि ये पहल पूर्वोत्तर के विकास और आर्थिक प्रगति को गति देने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप हैं। लेंगपुई हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद सिंधिया ने संवाददाताओं से कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके बाद उन्होंने आइजोल के पश्चिमी बाहरी इलाके तुइवामित का दौरा किया, जहां विकास परियोजनाओं से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एमएसएमई और उद्यमियों को ऋण उपलब्ध कराने पर जोर
सिंधिया ने बताया कि मंगलवार को आइजोल स्थित मिजोरम विश्वविद्यालय में पूर्वोत्तर बैंकर्स कॉन्क्लेव आयोजित होगा। वित्तीय सेवा विभाग के सहयोग से होने वाले इस सम्मेलन का उद्देश्य पूर्वोत्तर राज्यों में संस्थागत ऋण की उपलब्धता बढ़ाना और निवेश को प्रोत्साहित करना है। इसमें विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और उद्यमियों की वित्तीय जरूरतों पर ध्यान दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 में आयोजित पूर्वोत्तर निवेशक सम्मेलन के दौरान क्षेत्र के लिए लगभग 4.5 लाख करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धताएं प्राप्त हुई थीं। उन्होंने दावा किया कि इनमें मिजोरम की भी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी रही। सिंधिया के अनुसार, बैंकर्स कॉन्क्लेव का उद्देश्य निवेश संबंधी प्रतिबद्धताओं को वास्तविक आर्थिक गतिविधियों में बदलने में मदद करना है। इसके लिए कारोबारियों और उद्यमियों को संस्थागत वित्त तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों से पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों की आर्थिक क्षमता बढ़ाने और सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।

