इजराइल और यूनान के बीच 3.5 अरब डॉलर का रक्षा सौदा

इजराइल बना अब दुनिया का सातवां सबसे बड़ा हथियार निर्यातक
$3.5 billion defense deal between Israel and Greece
इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज सैन्य अधिकारियों से मुलाकात करते
Published on

तेल अवीव : इजराइल और यूनान ने सोमवार को करीब 3 अरब यूरो (3.5 अरब डॉलर) के रक्षा सौदे पर हस्ताक्षर किए। यह दोनों भूमध्यसागरीय देशों के बीच अब तक का सबसे बड़ा हथियार समझौता है। ‘अकिलीज शील्ड’ नाम वाले इस सौदे में इजराइली तकनीक पर आधारित बहुस्तरीय वायु रक्षा प्रणाली यूनान को दी जाएगी। समझौते में बैलिस्टिक मिसाइलों से लेकर ड्रोन तक विभिन्न खतरों से निपटने वाली इजराइली प्रणालियों में डेविड स्लिंग, स्पाइडर और ड्रोन डोम के साथ नया कमांड एवं कंट्रोल सिस्टम भी शामिल है। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि दोनों देशों के साझा रणनीतिक हित हैं और वे क्षेत्रीय चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रहे देशों के बीच यह समझौता महत्वपूर्ण है। यह सौदा ऐसे समय हुआ है जब इजराइल के रक्षा निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2025 में इजराइल का रक्षा निर्यात 19 अरब डॉलर से अधिक रहा, जो 2024 की तुलना में 30 प्रतिशत ज्यादा है। इजराइल और यूनान पिछले एक दशक में अपने रक्षा संबंधों को लगातार मजबूत कर रहे हैं। यूनान अपने सैन्य बलों के आधुनिकीकरण पर जोर दे रहा है, खासकर नाटो सदस्य तुर्किये के साथ पूर्वी भूमध्यसागर में लंबे समय से चले आ रहे समुद्री सीमा विवादों के बीच। इसके अलावा 3 करोड़ डॉलर का अलग ड्रोन डोम सौदा भी हुआ है। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट के अनुसार, इजराइल अब दुनिया का सातवां सबसे बड़ा हथियार निर्यातक बन गया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in