

इंफाल : सुरक्षा बलों ने मणिपुर में 2 प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 3 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इन लोगों को शुक्रवार को बिष्णुपुर, काकचिंग और इंफाल पश्चिम जिलों से गिरफ्तार किया गया। वहीं, कांगपोकपी जिले के कोटजिम गांव में तलाशी अभियान के दौरान तीन आग्नेयास्त्र, आठ मोर्टार और अन्य सामान बरामद किए गए। टेंग्नौपाल जिले के यांगौबंग गांव से गुरुवार को 4 आईईडी भी बरामद किए गए। अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वार ग्रुप) के एक सक्रिय उग्रवादी को बिष्णुपुर के वांगू सामुशांग इलाके से गिरफ्तार किया गया है। उग्रवादी ने कुम्बी इलाके में विद्यालयों, महाविद्यालयों, दुकानदारों और निर्वाचित सदस्यों से धन की मांग की थी। पुलिस ने बताया कि संगठन के एक अन्य उग्रवादी को काकचिंग जिले के एलंगखानपोकपी मायाई लीकाई इलाके से गिरफ्तार किया गया। प्रतिबंधित यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कंगलीपाक के एक सदस्य को इंफाल पश्चिम जिले के खुंबोंग बाजार से गिरफ्तार किया गया। मेइती और कुकी जो समुदायों के बीच मई 2023 से जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हुए हैं। केंद्र ने 13 फरवरी को मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था।