

किन्शासा (कांगो) : कांगो की राजधानी किन्शासा में एक शादी समारोह के दौरान आग लगने से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई। उत्तरी किन्शासा के लिंगवाला इलाके में एक इमारत में शुक्रवार देर रात लगी आग शनिवार तड़के तक जारी रही। हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों को जिंदा और कुछ को मृत अवस्था में सड़क किनारे लिटाया गया, जबकि समारोह में शामिल लोगों ने जीवित बचे लोगों की मदद करने की कोशिश की। आग से बचने की कोशिश कर रहे लोगों के कारण इमारत के संकरे गलियारे भीड़ से भर गए थे। लिंगवाला मेयर नॉर्बर्ट मुशिंगा ने कांगोलीज प्रेस एजेंसी को बताया कि फिलहाल मृतकों की संख्या 22 है और इसके बढ़ने की आशंका है। आग लगने के सटीक कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है। कांगो के उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जैक्वेमिन शाबानी ने इसे ‘‘एक त्रासदी’’ बताया। उन्होंने शनिवार सुबह घटनास्थल का दौरा किया।