

काहिरा : यमन की राजधानी सना के पास शनिवार को हुए हवाई हमलों में 22 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। मृतकों और घायलों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। हूती संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अनीस अल-असबहाही ने यह जानकारी दी। उन्होंने इन हमलों के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया। उनके अनुसार, हमले अल-शरिया गांव में किए गए। हालांकि, सऊदी अरब की ओर से इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब एक दिन पहले ही हूती अधिकारियों ने दक्षिणी यमन के एक बाजार पर हुए हमले में 30 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी थी। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और सऊदी समर्थित यमनी सेना ने एक-दूसरे पर उस हमले का आरोप लगाया था।