2 उग्रवादी गिरफ्तार

जबरन वसूली में थे संलिप्त
2 उग्रवादी गिरफ्तार
Published on

इंफाल : सुरक्षा बलों ने मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 2 उग्रवादियों को जबरन वसूली में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन प्रेपक के एक सदस्य को बिष्णुपुर जिले के थिनुंगेई ममांग पाटोन इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया, ‘उसे काकचिंग खुनोउ में 30 दिन का बुनियादी प्रशिक्षण दिया गया था और वह बिष्णुपुर जिले और इंफाल इलाकों में स्कूलों, दवा की दुकानों, सरकारी कार्यालयों, चिकित्सकों और इंजीनियरों से जबरन वसूली में भी शामिल था।’ एक अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन ‘नेशनल रिवोल्यूशनरी फ्रंट ऑफ मणिपुर’ के एक उग्रवादी को इंफाल पूर्वी जिले के कोइरेंगेई अवांग पोतशांगबाम रोड से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि उस पर अपहरण, अपने संगठन के लिए धन जुटाने के वास्ते फिरौती मांगने और हथियार व गोला-बारूद की आपूर्ति करने का आरोप है। एक अधिकारी ने बताया कि उसने घाटी में ‘उग्रवादियों की आवाजाही में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।’ दो वर्ष पहले जातीय हिंसा भड़कने के बाद से सुरक्षा बल पूरे राज्य में तलाशी अभियान संचालित कर रहे हैं। मई 2023 से मेइती और कुकी-ज़ो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in