सीरियाई के राष्ट्रपति देश छोड़कर भागे, विमान लापता, मौत की चर्चा

सीरियाई के राष्ट्रपति देश छोड़कर भागे, विमान लापता, मौत की चर्चा
Published on

दमिश्क : सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद देश छोड़कर भाग चुके हैं। जिस विमान से वे भागे वह लापता है। उनकी मौत की चर्चा है। सेना ने असद के देश छोड़ने की पुष्टि करते हुए कहा कि राष्ट्रपति की सत्ता खत्म हो चुकी है। सीरियाई विपक्षी युद्ध निगरानी संस्था के प्रमुख ने दावा किया कि असद रविवार तड़के देश छोड़कर कहीं चले गए। संस्था के रामी अब्दुर्रहमान ने बताया कि असद ने दमिश्क से उड़ान भरी। इसके बाद, सरकारी टेलीविजन चैनल ने एक वीडियो प्रसारित किया जिसमें कहा गया कि असद को सत्ता से हटा दिया गया और सभी कैदियों को रिहा कर दिया गया है। विद्रोही लड़ाकों ने रविवार को राजधानी दमिश्क पर कब्जा कर लिया है। राजधानी में गोलियां चलने की भी खबरें आयीं। विद्रोहियों ने सैन्य मंत्रालय के मुख्यालय में प्रवेश किया और सैदनाया सैन्य जेल से कैदियों को मुक्त कराया। यह पहली बार है जब 2018 के बाद विद्रोही दमिश्क के भीतर पहुंचे हैं और इस घटना ने सीरिया में असद शासन के समापन की दिशा में महत्वपूर्ण मोड़ लिया है। लोग असद सरकार के गिरने की खुशी मना रहे हैं। लोगों के सेना के टैंकों पर चढ़कर जश्न के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने विद्रोहियों को सत्ता सौंपने का प्रस्ताव दिया : असद के देश छोड़ने के बाद सीरियाई प्रधानमंत्री मोहम्मद गाजी अल जलाली ने विद्रोहियों को सत्ता सौंपने का प्रस्ताव दिया है। जलाली ने एक वीडियो में कहा है कि वे देश में ही रहेंगे और जिसे भी सीरिया के लोग चुनेंगे, उसके साथ मिलकर काम करेंगे। जलाली ने कहा कि शनिवार रात से असद और रक्षा मंत्री की कोई जानकारी नहीं है।

राजधानी दमिश्क और 4 बड़े शहरों पर विद्रोहियों का कब्जा : मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले एक सप्ताह में विद्रोहियों ने राजधानी दमिश्क और सीरिया के चार बड़े शहरों अलेप्पो, हमा, होम्स और दारा पर कब्जा कर लिया है। विद्रोही लड़ाके दमिश्क में दारा शहर की तरफ से घुसे थे, जिस पर उन्होंने 6 दिसंबर को कब्जा किया था। दारा शहर से ही 2011 में राष्ट्रपति बशर अल-असद के खिलाफ विद्रोह की शुरुआत हुई थी और पूरे देश में जंग छिड़ गई थी। दारा से दमिश्क की दूरी करीब 100 किमी है। अलेप्पो, हमा और होम्स इस्लामी चरमपंथी ग्रुप हयात तहरीर अल-शाम की गिरफ्त में है। संघर्ष के कारण अब तक 3.70 लाख लोग विस्थापित हुए हैं।

11 दिन पहले शुरू हुआ था संघर्ष : असद ने 11 दिन तक चले संघर्ष के बाद सत्ता छोड़ दी। सीरिया में 27 नवंबर को सेना और एचटीएस के बीच 2020 के संघर्ष विराम के बाद फिर संघर्ष शुरू हुआ था। सीरिया पर असद परिवार के 50 साल का शासन खत्म हुआ।

—————–

कौन है सीरिया के विद्रोही गुट का नेता?

सीरिया के विद्रोही गुट 'हयात तहरीर अल-शाम' समूह (एचटीएस) के प्रमुख अबू मोहम्मद अल-गोलानी (42) ने राष्ट्रपति बशर अल-असद को सत्ता से बेदखल कर दिया। गोलानी ने अपनी सार्वजनिक छवि को फिर से बनाने के लिए कई वर्षों तक काम किया और अलकायदा से दूरी बनाते हुए खुद को बहुलवाद और सहिष्णुता के समर्थक के रूप में पेश किया। अल-गोलानी को अमेरिका ने आतंकी घोषित किया हुआ है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in