मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता/हावड़ा : हावड़ा स्टेशन परिसर में कथित रंगदारी और धमकी देने के कई मामलों में वांछित आईएनटीटीयूसी के पूर्व जिला अध्यक्ष अरविंद दास उर्फ टाबलू को हावड़ा सिटी पुलिस ने सिलीगुड़ी से गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी को हावड़ा अदालत में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अरविंद दास के खिलाफ हावड़ा स्टेशन क्षेत्र में रंगदारी वसूली, धमकी देने और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। बीते 4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से वह फरार चल रहा था। हावड़ा सिटी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टाबलू सिलीगुड़ी में अपने एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर गोलाबाड़ी थाने की एक विशेष टीम उत्तर बंगाल पहुंची और वहां से उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि टाबलू उत्तर हावड़ा के पूर्व तृणमूल विधायक गौतम चौधरी तथा आईएनटीटीयूसी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतव्रत बंद्योपाध्याय के करीबी माने जाते थे। हालांकि उनकी गिरफ्तारी पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।