

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दक्षिण कोलकाता के एक नामी निजी स्कूल में मंगलवार को शौचालय में गई तीसरी कक्षा की करीब आठ वर्षीय छात्रा को सांप ने काट लिया। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। छात्रा को स्कूल की चिकित्सा इकाई में प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया। बाद में पैर पर दो छोटे घाव के निशान मिलने पर परिजन उसे आनंदपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि सांप जहरीला नहीं था। फिलहाल छात्रा डॉक्टरों की निगरानी में है और खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया गया कि शौचालय में छात्रा का पहचान पत्र गिर गया था। उसे उठाते समय पैर में सुई चुभने जैसा महसूस हुआ। छात्रा ने बाद में छोटे सांप जैसा कुछ देखने की बात कही। हालांकि, उसने शुरुआत में शिक्षकों और परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी। बाद में एक अन्य छात्र के अभिभावक के फोन से परिवार को घटना का पता चला। इस मामले में स्कूल की प्रिंसिपल सीमा सप्रु ने कहा कि हम अपने एक बच्चे के साथ हुई बुरी साँप के काटने की घटना के बाद काफी चितिंत है। उसकी ठीक से देखभाल की जा रही है और वह सुरक्षित हाथों में है। हमारी देखभाल में सौंपे गए हर बच्चे की सुरक्षा और भलाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हम सभी ज़रूरी कदम पूरी गंभीरता से उठा रहे हैं। एक और सावधानी के तौर पर, हमने संबंधित फ़ॉरेस्ट और ऑथराइज़्ड वाइल्डलाइफ़ रेस्क्यू स्टाफ़ को बता दिया है, जो स्कूल की जगह की अच्छी तरह से जाँच और सफ़ाई करेंगे। यह पक्का करने के लिए कि यह काम बिना किसी रुकावट के हो, स्कूल कल बंद रहेगा। हम अपने सभी बच्चों को एक सुरक्षित माहौल देने के लिए हर ज़रूरी काम करने के लिए तैयार हैं। इसके लिए प्रिंसिपल ने सभी की समझ, भरोसे और सपोर्ट के लिए धन्यवाद दिया। परिवार ने फिलहाल पुलिस में शिकायत नहीं की है।