

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल की दुर्गापूजा को वैश्विक सांस्कृतिक पर्यटन ब्रांड के रूप में स्थापित करने के लिए राज्य सरकार ने बड़े स्तर पर डिजिटल प्रचार अभियान की योजना बनाई है। पर्यटन विभाग ‘विश्वभर में बंगालियों की भावना—दुर्गापूजा ग्लोबल कनेक्ट 2026’ अभियान के तहत दुनिया के अलग-अलग देशों में बंगाल की दुर्गापूजा की परंपरा, कला, संस्कृति और खान-पान को प्रचारित करेगा। इस अभियान के लिए करीब 2,600 इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को जोड़ने की योजना है। चयन के लिए एक प्रमुख शर्त यह होगी कि संबंधित इन्फ्लुएंसर के कम से कम 10 लाख फॉलोअर्स या सब्सक्राइबर हों। इन्फ्लुएंसर्स का चयन उनके व्यू, रीच और डिजिटल प्रभाव के आधार पर किया जाएगा। इस अभियान के जरिए सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर करीब 200 करोड़ व्यू और इम्प्रेशन हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है। पर्यटन विभाग की योजना के तहत कम से कम 10 देशों की 25 बंगाली संस्थाओं और सांस्कृतिक संगठनों को अभियान से जोड़ा जाएगा। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर, दुबई के बुर्ज खलीफा, लंदन के पिकाडिली लाइट्स, सिडनी और जापान के प्रमुख हवाई अड्डों समेत महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय स्थानों पर बंगाल की दुर्गापूजा से जुड़े प्रचार की योजना है। अभियान में दुर्गापूजा के विभिन्न पहलुओं को शामिल किया जाएगा। इनमें मूर्ति निर्माण, कारीगर, पूजा का थीम, रोशनी, खान-पान, बंगाली फैशन, कला-संस्कृति और दुर्गापूजा से जुड़ी भावनाएं प्रमुख हैं। भाषाई विविधता को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग देशों के लिए विज्ञापन और वीडियो सामग्री स्थानीय जरूरतों के अनुसार तैयार की जाएगी। पर्यटन विभाग की प्रस्तावित योजना के अनुसार कुल इन्फ्लुएंसर्स में करीब 60 फीसदी ऐसे होंगे जो यात्रा, पर्यटन, संस्कृति और विरासत से जुड़े ब्लॉगिंग कंटेंट तैयार करते हैं। बाकी 40 फीसदी इन्फ्लुएंसर्स का चयन खान-पान, कला, फैशन, लाइफस्टाइल और फोटोग्राफी जैसे क्षेत्रों से किया जाएगा। इस अभियान में प्रवासी बंगाली इन्फ्लुएंसर्स को प्राथमिकता देने की योजना है, ताकि विदेशी दर्शकों तक बंगाल की दुर्गापूजा को स्थानीय और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सके।