मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पूर्व रेलवे के इंस्पेक्टर जनरल-cum-प्रिंसिपल चीफ सिक्योरिटी कमिश्नर ए.एन. सिन्हा ने बालीगंज RPF पोस्ट का निरीक्षण किया और ‘सुरक्षा सम्मेलन’ के दौरान अधिकारियों एवं जवानों के साथ बातचीत कर रेलवे सुरक्षा, यात्री सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को रोकथाम आधारित पुलिसिंग, RPF की प्लेटफॉर्म पर अधिक मौजूदगी, यात्रियों की सहायता और अन्य विभागों व सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि छोटी घटनाओं पर भी तत्काल कार्रवाई जरूरी है, ताकि वे आगे चलकर बड़े सुरक्षा मामलों में तब्दील न हों।
प्लेटफॉर्म और CCTV निगरानी बढ़ाने के निर्देश
RPF कर्मियों को प्लेटफॉर्म पर अधिक सक्रिय और दृश्यमान रहने का निर्देश दिया गया। अंडरपास, फुट-ओवर ब्रिज और सबवे में पर्याप्त CCTV कवरेज सुनिश्चित करने के साथ सभी कैमरों की नियमित जांच और कार्यशीलता पर जोर दिया गया। सभी स्टेशनों पर लगे CCTV कैमरों को उचित तरीके से सिंक्रोनाइज करने और उनकी कार्यप्रणाली की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल चोरी, झपटमारी और पॉकेटमारी रोकने के लिए विशेष निवारक कदम उठाने तथा वाणिज्यिक विभाग के कर्मचारियों के साथ समन्वय कर अचानक सामान की जांच और यात्रियों की तलाशी लेने को कहा गया।
महिला यात्रियों के लिए WhatsApp ग्रुप
बालीगंज पोस्ट कमांडर को महिला RPF कर्मियों के समन्वय से महिला यात्रियों के लिए एक प्रभावी WhatsApp ग्रुप बनाने और उसका नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर महिला यात्रियों को त्वरित सहायता और संवाद की सुविधा मिल सके। इसके अलावा स्टेशनों को अवैध हॉकरों के अतिक्रमण से मुक्त रखने और नए अतिक्रमण पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। अनधिकृत हॉकरों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत कार्रवाई तेज करने तथा रेलवे परिसर में खड़े पाए जाने वाले अज्ञात या अनधिकृत वाहनों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।
‘बीट सिस्टम’ लागू करने पर जोर
रेलवे सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए संबंधित स्टेट रेलवे पुलिस के साथ नियमित बैठक और प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही ‘बीट सिस्टम’ को सही तरीके से लागू कर उसे प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान सीटी राजमणि कुमार के कार्य की सराहना की गई, जिन्होंने न्यू अलीपुर में लगे CCTV फुटेज की मदद से रेलवे सिग्नल सामग्री से जुड़े चोरी के मामले का पता लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। IG-cum-PCSC ने कहा कि यात्रियों के लिए सुरक्षित रेलवे वातावरण सुनिश्चित करने और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए निवारक सुरक्षा, निरंतर निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया और RPF, रेलवे विभागों तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।