मेट्रो के बाद अब रात में बढ़ेंगी सरकारी बसें

आज से कई रूटों पर मिलेगी अतिरिक्त सेवा
मेट्रो के बाद अब रात में बढ़ेंगी सरकारी बसें
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: रात में यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने कोलकाता और आसपास के इलाकों में नाइट बस सेवा बढ़ाने का फैसला किया है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो 1 अगस्त यानी आज यानी शनिवार से कई महत्वपूर्ण रूटों पर सरकारी बसों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। परिवहन विभाग ने निजी बस संचालकों से भी इस पहल में सहयोग करने की अपील की है। परिवहन विभाग के अनुसार, देर रात हावड़ा और सियालदह स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों को लंबे समय से बस नहीं मिलने की परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासकर वे मरीज, जो अगले दिन सुबह सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए लाइन में लगने आते हैं, उन्हें रात में परिवहन की कमी से काफी दिक्कत होती थी। इसी तरह रात 9 बजे के बाद कोलकाता एयरपोर्ट से भी पर्याप्त बस सेवा नहीं मिलने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। हाल ही में मेट्रो की अंतिम सेवाओं का समय बढ़ाया गया है, लेकिन यात्रियों को स्टेशन से घर तक पहुंचने के लिए बसें उपलब्ध नहीं होने से परेशानी बनी हुई थी। इसी समस्या के समाधान के लिए अब ट्रेन, मेट्रो और विमान सेवाओं के समय के अनुसार रात में बसों का संचालन बढ़ाया जा रहा है।

इन रूटों पर बढ़ेगी बस सेवा

परिवहन विभाग ने जिन प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है, उनमें शामिल हैं—

नीलगंज डिपो – हावड़ा स्टेशन

हावड़ा स्टेशन – पटुली

हावड़ा स्टेशन – गड़िया बस स्टैंड

गड़िया बस स्टैंड – हावड़ा स्टेशन

हावड़ा स्टेशन – बालीगंज स्टेशन

डनलप – बालीगंज स्टेशन

उल्टाडांगा – इकोस्पेस (न्यू टाउन)

कोलकाता एयरपोर्ट – गड़िया बस स्टैंड

इसके अलावा चरणबद्ध तरीके से डनलप, राजाबाजार, उल्टाडांगा और बारासात से जुड़ी सेवाओं में भी वृद्धि की जाएगी।

अस्पतालों तक पहुंचना होगा आसान

सरकार ने यह भी तय किया है कि मेडिकल कॉलेज, एसएसकेएम, आरजी कर, एनआरएस, चित्तरंजन कैंसर अस्पताल, नेशनल मेडिकल कॉलेज तथा ईएम बाइपास के आसपास स्थित प्रमुख निजी अस्पतालों से होकर गुजरने वाले रूटों पर भी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को रात में आने-जाने में सुविधा मिल सके। परिवहन विभाग के अनुसार, कई बसों की अंतिम ट्रिप का समय रात 10 बजे और 10:30 बजे तक बढ़ाया जाएगा, जिससे देर रात यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सके।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in