मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सियालदह मंडल ने महिला कर्मचारियों को उनके पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सियालदह के मंथन ऑडिटोरियम में ‘सखी’ कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन ईआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ/सियालदह की अध्यक्ष निधि सक्सेना के नेतृत्व में कार्मिक एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर सियालदह मंडल के डीआरएम राजीव सक्सेना उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम (पीओएसएच), महिला स्वास्थ्य जागरूकता और वित्तीय जागरूकता जैसे तीन प्रमुख विषयों पर सत्र आयोजित किए गए। पीओएसएच सत्र में सुरक्षित, सम्मानजनक और गरिमापूर्ण कार्यस्थल के महत्व तथा उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। महिला स्वास्थ्य सत्र में नियमित स्वास्थ्य जांच, निवारक स्वास्थ्य देखभाल और स्वस्थ जीवनशैली पर जोर दिया गया। वहीं, वित्तीय जागरूकता सत्र में बचत, निवेश, वित्तीय योजना और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के लिए सही निर्णय लेने के महत्व को समझाया गया।