

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : इस बार दुर्गापूजा के दौरान बंगाल में सांस्कृतिक आयोजनों का रंग और भी गहरा होने वाला है। मां दुर्गा की आराधना, बंगाल की लोकसंस्कृति, संगीत और उत्सव को एक साथ पिरोते हुए राज्यभर में विशेष सांस्कृतिक यात्रा ‘ट्रिब्यूट टू मां टूर’ आयोजित की जाएगी। पांच स्थानों पर दो-दो दिन यानी कुल 10 दिनों तक इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। नवान्न सूत्रों के अनुसार, बांकुड़ा के विष्णुपुर, नंदीग्राम, सिलीगुड़ी, दुर्गापुर और बहरमपुर में नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। हालांकि किस दिन किस स्थान पर कार्यक्रम होगा, इसका अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है। वहीं, पंचमी के दिन दीघा में सबसे बड़ा मेगा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इसमें मोनाली ठाकुर, मधुश्री, अंतरा मित्रा, उज्जयिनी, जून समेत कई लोकप्रिय कलाकारों के प्रस्तुति देने की संभावना है। कुमार सानू, शान, श्रेया घोषाल और अभिजीत जैसे चर्चित नाम भी इस सांस्कृतिक महोत्सव का हिस्सा होंगे।
महालया पर ईडन में मेगा शो
महालया के दिन से ही राज्य में दुर्गापूजा का उत्सवी माहौल शुरू हो जाएगा। राज्य सरकार की ओर से रेड रोड पर रोड शो और ईडन गार्डन्स में मेगा शो का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी उपस्थित रहने की बात है। इस दौरान भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में ‘ट्रिब्यूट टू मां’ टूर भी इस बार विशेष आकर्षण का केन्द्र होगा।
विजयादशमी पर गंगा में दिखेगा ‘आबार आशबे उमा’
सबसे बड़ा आकर्षण विजयादशमी की शाम देखने को मिलेगा। गंगा के रिवरफ्रंट पर भव्य रोशनी और आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। विद्यासागर सेतु, हावड़ा ब्रिज और गंगा के दोनों किनारों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। विद्यासागर सेतु से बाबूघाट तक के रिवरफ्रंट इलाके में विशेष कार्यक्रम होंगे। इस दौरान अत्याधुनिक लाइटिंग, अंतरराष्ट्रीय स्तर की आतिशबाजी और ड्रोन शो के साथ पहली बार गंगा में फ्लोटिंग टैब्लो प्रदर्शित करने की भी योजना है। आसमान में ‘आबार आशबे उमा’ थीम पर ड्रोन शो होगा। नवान्न सूत्रों के मुताबिक, विजयादशमी की शाम बाबूघाट, गोवालियर घाट, प्रिंसेप घाट समेत गंगा किनारे बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। बाबूघाट पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के उपस्थित रहने की बात कही गई है। विद्यासागर सेतु से हावड़ा ब्रिज के बीच गंगा के ऊपर आतिशबाजी का विशेष प्रदर्शन भी किया जाएगा।