

कोलकाता : महाप्रबंधक, गीतिका पाण्डेय के नेतृत्व में पूर्व रेलवे ने राजस्व सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हासिल किया है। पूर्व रेलवे ने चालू वित्त वर्ष में 31 अगस्त 2026 तक पार्सल क्षेत्र में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि की तुलना में पार्सल लदान और पार्सल राजस्व, दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। चालू वित्त वर्ष में 31 अगस्त 2026 तक पूर्व रेलवे का कुल पार्सल लदान 140.41 हजार टन से बढ़कर 150.34 हजार टन हो गया, जो 9.93 हजार टन अर्थात 7.07% की वृद्धि को दर्शाता है। इसी अवधि में पार्सल राजस्व ₹55.82 करोड़ से बढ़कर ₹63.94 करोड़ हो गया, जो ₹8.12 करोड़ अर्थात 14.55% की वृद्धि को दर्शाता है। इस वृद्धि में लीज पर दी गई पार्सल क्षमता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
लीज आधारित पार्सल लदान 76.25 हजार टन से बढ़कर 94.86 हजार टन हो गया, जिसमें 18.61 हजार टन अर्थात 24.41% की वृद्धि दर्ज की गई। इस अवधि के दौरान लीज आधारित पार्सल परिचालन से प्राप्त राजस्व ₹36.99 करोड़ से बढ़कर ₹47.72 करोड़ हो गया, जो ₹10.73 करोड़ अर्थात 29.01% की वृद्धि को दर्शाता है।
कुल पार्सल लदान में लीज आधारित खेपों की हिस्सेदारी 63.10% है, जबकि कुल पार्सल आय में लीज से प्राप्त राजस्व का योगदान 74.63% है। ये आंकड़े पूर्व रेलवे के पार्सल परिवहन व्यवसाय में लीज आधारित सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हैं और पार्सल क्षेत्र में राजस्व सृजन की इसकी मजबूत क्षमता को दर्शाते हैं।
पार्सल परिवहन वाणिज्यिक वस्तुओं, आवश्यक वस्तुओं, कृषि उत्पादों तथा अन्य उपभोक्ता वस्तुओं के शीघ्र, सुरक्षित और विश्वसनीय परिवहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पूर्व रेलवे अपने विस्तृत रेल नेटवर्क के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों और बाजारों को जोड़ते हुए ग्राहकों को समयबद्ध पार्सल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
पार्सल क्षेत्र में यह सकारात्मक प्रदर्शन संसाधनों के बेहतर उपयोग, लीज क्षमता के प्रभावी प्रबंधन, परिचालन दक्षता तथा ग्राहकों की परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सेवाओं के निरंतर सुदृढ़ीकरण का परिणाम है। पूर्व रेलवे पार्सल सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं प्रतिस्पर्धी बनाने, उपलब्ध क्षमता का अधिकतम एवं बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा अपने ग्राहकों को विश्वसनीय, उच्च गुणवत्ता वाली और सुविधाजनक सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।