पूर्व रेलवे की साप्ताहिक समीक्षा बैठक, ‘प्रगति’ ब्रोशर का विमोचन

पूर्व रेलवे की साप्ताहिक समीक्षा बैठक, ‘प्रगति’ ब्रोशर का विमोचन
Published on

कोलकाता : पूर्व रेलवे मुख्यालय, फेयरली प्लेस में मंगलवार को साप्ताहिक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने की। इसमें अपर महाप्रबंधक और प्रधान विभागाध्यक्षों के अलावा हावड़ा, सियालदह, आसनसोल और मालदा मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लिया।

बैठक में महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने, यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने और रेल परिचालन की सुरक्षा मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी चल रही विकास परियोजनाओं में तेजी लाने और उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा कार्यों की भी व्यापक समीक्षा की गई और परिचालन प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

बैठक के दौरान पूर्व रेलवे के मासिक ब्रोशर ‘प्रगति’ का आधिकारिक विमोचन भी किया गया। महाप्रबंधक गीतिका पांडेय के नेतृत्व में शुरू किए गए इस प्रकाशन में पूर्व रेलवे की प्रमुख उपलब्धियों, नवाचारों, विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति का मासिक संकलन प्रस्तुत किया जाएगा।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने कहा कि ‘प्रगति’ ब्रोशर रेलवे की पारदर्शिता, परिचालन विकास और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह प्रकाशन न केवल महत्वपूर्ण उपलब्धियों का दस्तावेज बनेगा, बल्कि कर्मचारियों को सुरक्षा, यात्री संतुष्टि और बुनियादी ढांचे के विकास के बेहतर मानक हासिल करने के लिए प्रेरित भी करेगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in