

कोलकाता : दुर्गापूजा, दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कोलकाता और लालकुआं के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल आठ-आठ फेरे लगाएगी। रेलवे के अनुसार, 05060 लालकुआं-कोलकाता स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को लालकुआं से दोपहर 12.35 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 8 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 के बीच आठ फेरे लगाएगी और अगले दिन रात 11.55 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
वहीं, 05059 कोलकाता-लालकुआं स्पेशल प्रत्येक शनिवार को कोलकाता से सुबह 5 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 10 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 के बीच आठ फेरे लगाएगी और अगले दिन दोपहर 3.45 बजे लालकुआं पहुंचेगी।
दोनों दिशाओं में ट्रेन नैहाटी, बंडेल, बर्दवान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणी की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
रेलवे ने बताया कि इस स्पेशल ट्रेन की बुकिंग शुरू होने की तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी।